नारायणपुर पंप कैनाल के संचालन को लेकर एक्सईएन से मिले पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू
चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू नारायणपुर पंप कैनाल के संचालन को लेकर सोमवार को वाराणसी में एक्सईएन रविशंकर मिश्रा से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पंप कैनाल के संचालन में आ रही दिक्कतों को लेकर जवाब तलब किया. और किसानों के हित में तत्काल पंप को चलाए जाने की आवश्यकता जताई. इस पर एक्सईएन ने गंगा नदी का जलस्तर कम होने का हवाला दिया और कहा की जब तक गंगा नदी के जलस्तर में सुधार नहीं होता तब तक पंप कैनाल को चलाने का आदेश नहीं दिया जा सकता है.
पम्प कैनाल के संचालन के लिए मानक निर्धारित
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पम्प कैनाल के संचालन में आ रही दिक्कतों के पीछे की वजह जाननी चाही तो एक्सईएन द्वारा बताया गया की गंगा नदी के जलस्तर में सुधार की गुंजाइश लगभग पांच-छः दिन में होने की है. क्योंकि कानपुर बैराज से कुछ पानी छोड़ा गया है. इसके अलावा बरसात भी होने लगी है. ऐसे में जैसे ही गंगा नदी का जलस्तर 60 मीटर के करीब पहुंच जाएगा. पंप कैनाल को चलाने की अनुमति दे दी जाएगी. इससे कम जलस्तर होने पर पंप कैनाल चलने से गंगा के जीव-जंतु जलीय प्राणियों के जीवन पर खतरा उत्पन्न हो जाएगा. साथ ही केंद्रीय जल आयोग के नियमों का उल्लंघन भी होगा. क्योंकि केंद्रीय जल आयोग ने सभी पंप कैनालों के संचालन के लिए मानक निर्धारित कर रखा है.

भुपौली व चक्का बाँध पम्प कैनाल के बारे में ली जानकारी
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भुपौली और चक्का बाँध पंप कैनाल के संचालित होने की बात कही तो एक्सईएन रविशंकर मिश्र ने बताया कि उन पंप इनेलो के संचालन के लिए जलस्तर की सीमा 57 मी० निर्धारित की गई है. एक्सईएन ने भरोसा दिया कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी और पंप कैनाल का संचालन करके किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने लगेगा.


















