आदर्श ग्राम पंचायत का सांसद ने लिया जायजा, दिया आवश्यक दिशा निर्देश
चंदौली : राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक की. इस दौरान किसानों का धान खरीद, नहरों की सफाई, सिल्फ़ सफाई एवं संचालन एवं आदर्श ग्राम सीकरी की समीक्षा करते हुए सम्बंधित अधिकारियों से विभागवार क्रियान्वयन से सम्बंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया.
उन्होंने धान खरीद की प्रगति पर अधिकारियों से जानकारी लिया. जिस पर जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने खरीद एवं भुगतान संबंधित जानकारी से अवगत कराया. जिस पर उन्होंने कहा कि धान खरीद में बिचौलियां धान खरीद केंद्र पर कहीं ना रहे, अन्यथा संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई सुनिश्चित करें एवं क्षेत्र में टीम द्वारा लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित कराई जाए. वहीं बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया की 112 केंद्र खोले गए हैं. जिन स्थानों पर तौल के लिए कांटा बढ़ाने की जरूरत है वहां कांटा बढ़ाकर खरीद की जा रही है.
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित रखने, दो डस्टर मशीन, एक नमी मापक यंत्र, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं अन्य जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं. वहीं क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि शासन के मनसा अनुरूप धान खरीद पूरी पारदर्शिता से सुनिश्चित कराया जाय, यदि कहीं लापरवाही मिल रही है तो तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित किया जा रहा है. वहीं राज्यसभा सांसद ने जनपद में नहरों के संचालन की समीक्षा करते हुए कहा कि नहरों में पूरी क्षमता के साथ संचालन तत्काल सूचित कराया जाए ताकि किसान अपने फसलों में पानी डाल सकें.
इस दौरान राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह ने आदर्श ग्राम सिकरी की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी से विभाग वार क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि वर्षों से खंडहर हो चुके प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन को गिराने के लिए तत्काल कार्रवाई सुरक्षित कर अवगत कराया जाए. समीक्षा बैठक में आदर्श ग्राम सिकरी में विकास योजनाओं की सकारात्मक गति तेजी से लाई जाए. ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए.
बैठक के दौरान प्रभागीय वन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना अधिकारी, उपनिदेशक कृषि, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.


















