अक्‍टूबर के आखिरी दिनों में बारिश से ठंड पकड़ेगी रफ्तार, यूपी में फिर करवट बदलने जा रहा मौसम

28

अक्‍टूबर के आखिरी दिनों में बारिश से ठंड पकड़ेगी रफ्तार, यूपी में फिर करवट बदलने जा रहा मौसम

यूपी टाइम्स 18 : उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. एक बार फिर प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है. अक्टूबर महीने के बाकी बचे दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है. हालांकि 26 अक्टूबर से अगले 48 घंटे तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. लेकिन इस अवधि के बाद फिर बारिश की संभावना बन सकती है. बारिश होने की वजह से पूर्वी यूपी में तापमान में कमी देखने को मिल सकती है. फिलहाल प्रदेश में दिन के समय ठीकठाक धूप हो रही है. हालांकि रात होते ही मौसम ठंड हो जा रहा है.

प्रदेश में 25 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है. इस दौरान पूर्वी यूपी में दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं अगले दो दिन फिर से प्रदेश में मौसम बदला-बदला सा रहेगा. इस अवधि में प्रदेश के दोनों ही हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. इसके बाद फिर मौसम करवट बदल सकता है. 28 अक्टूबर से लेकर 30 अक्टूबर तक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

प्रदेश में न्यूनतम तापमान लगातार कई जिलों में 20 डिग्री सेल्सियस नीचे बने हुए हैं. बुलंदशहर में 18℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. इसके साथ ही नजीबाबाद में 18℃, बरेली में 19℃, मुजफ्फरनगर में 18.1℃, मेरठ में 19.8℃, अलीगढ़ में 20.6℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. शाहजहांपुर में 20.2℃, अयोध्या में 19.0℃, गाजीपुर में 20.5℃, झांसी में 20.8℃, कानपुर शहर में 19.6℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30℃ से 35℃ के बीच रिकार्ड किया गया है. प्रयागराज में सबसे ज्यादा 35.3 ℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.