विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीएम योगी ने कसी कमर, अखिलेश की रणनीति को काउंटर करने की स्पेशल तैयारी
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की साख दांव पर लगी हुई है. इस बार के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के विजय रथ को उत्तर प्रदेश में बड़ा झटका लगा. अब उपचुनाव में योगी खुद ही हर मोर्चे पर लीड कर रहे हैं. वह 10 सीटों पर जीत हासिल करने में कोई भी कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहते हैं. मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी की पीडीए पॉलिटिक्स की काट के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का निर्देश जारी किया है. उन्होंने खुद ग्राउंड पर मेहनत भी शुरू कर दी है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपचुनाव को लेकर लगातार सक्रिय हैं. उन्होंने हाल ही में लखनऊ में हुई बैठक में मंत्र बताते हुए कहा कि जिन सीटों पर भाजपा कमजोर रही है, वहां पर ज्यादा फोकस करना है. बूथों को मजबूत करने की कोशिश की जाए और कमियों को दुरुस्त करने के लिए जो भी जरूरी कदम उठाने हैं, उसके बारे में भी बताया जाए. योगी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने संविधान को बदलने का भ्रम का फैलाया था. इस बार वे कामयाब न होने पाएं, इसका खास ख्याल रखा जाए. इसके लिए सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जाए.
इससे पहले सीएम योगी ने अलग-अलग सीटों पर सरकार के 30 मंत्रियों को जिम्मेदारी दी थी. मंत्रियों ने जब जिलों में जाकर बात की तो कार्यकर्ताओं में स्थानीय अधिकारियों से नाराजगी और खुद का कहीं समायोजन न होने जैसी जानकारी सामने आई. इसके बाद कोर कमेटी में शामिल सीएम योगी, दोनों डिप्टी सीएम के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कार्यकर्ताओं की दिक्कतों को दूर करने के साथ जीत का माहौल बनाने की जिम्मेदारी संभाल ली.
उपचुनाव को लेकर हर सीट पर तीन से चार मंत्री तैनात होंगे, जिनका सहयोग करने के लिए पार्टी के दो पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. सीएम योगी ने बैठक में सभी 10 सीटों पर जातीय समीकरण के हाल के बारे में जानकारी ली और कहा कि जिन सीटों पर जिन जातियों की बहुलता है, उसी के आधार पर प्रत्याशी तय किए जाएंगे. मीटिंग में मंत्रियों और पदाधिकारियों से कहा गया है कि हर सीट पर जो चुनाव लड़ने लायक चेहरे हैं, उन्हें चिह्नित करें. हालांकि, किसी से भी टिकट देने का वादा न करें. ऐसे लोग जो साफ छवि के हों और जिताऊ हों, उन्हीं को टिकट दिया जाएगा.


















