16 पुड़िया हेरोइन के साथ शातिर युवक गिरफ्तार, बाइक और नगदी भी बरामद

23

16 पुड़िया हेरोइन के साथ शातिर युवक गिरफ्तार, बाइक और नगदी भी बरामद

चंदौली : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़ाव क्षेत्र स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर, जलीलपुर के पास से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 पुड़िया में करीब 12 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने हेरोइन बिक्री के 980 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात मुगलसराय पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास एक युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर राहगीरों को अवैध हेरोइन बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान करन चौहान पुत्र कन्हैया चौहान, निवासी मढ़िया नई बस्ती, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके लोवर की जेब से प्लास्टिक की पॉलिथीन में रखी कागज की 16 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर बरामद मादक पदार्थ का वजन पुड़िया सहित करीब 12 ग्राम पाया गया।

पुलिस ने युवक के पास से हेरोइन बिक्री के 980 रुपये, एक वीवो एंड्रायड मोबाइल फोन तथा घटनास्थल पर इस्तेमाल की जा रही स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। चेसिस नंबर के आधार पर जांच करने पर उसका पंजीकरण नंबर UP 65 GF 2498 पाया गया।

इस संबंध में मुगलसराय थाने में मु0अ0सं0 0575/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक के खिलाफ पूर्व में भी मुगलसराय थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।