तेज रफ्तार स्कूली बस ने साइकिल सवार को रौंदा, 65 वर्षीय हरेंद्र सिंह की मौत, हादसे के बाद बस छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की तलाश

82

तेज रफ्तार स्कूली बस ने साइकिल सवार को रौंदा, 65 वर्षीय हरेंद्र सिंह की मौत, हादसे के बाद बस छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की तलाश

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार को तेज रफ्तार स्कूली बस की चपेट में आने से साइकिल सवार 65 वर्षीय हरेंद्र सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

समुदपुर गांव निवासी हरेंद्र सिंह हिन्द मोटर्स से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहकर कृषि कार्य करते थे। बताया गया कि वह कृषि कार्य के लिए डीजल लेने मारूफपुर क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर गए थे। पेट्रोल पंप के पास सड़क पार करते समय मारूफपुर की ओर से तेज गति से आ रही निजी स्कूल बस ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हरेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इसी दौरान चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी राधिका देवी तथा पुत्र संजय सिंह गुड्डू और अनिल सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।