साड़ी के फंदे से लटकता मिला युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मारुफपुर चौकी अंतर्गत सोनबरसा (टांडाकला) गांव में शनिवार की देर शाम 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात परिजनों ने घर का दरवाजा खोला तो युवक को फंदे से लटकता देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
सोनबरसा निवासी अवधेश निषाद पुत्र रविंद्र निषाद मछली पकड़कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जाता है कि उसकी पत्नी रक्षा बंधन के दिन से ही मायके में थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। शनिवार की देर शाम अवधेश ने करकट से बने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बांस के सहारे साड़ी का फंदा लगाकर झूल गया।
रात में जब अन्य परिजन घर लौटे और दरवाजा खोला तो अवधेश को फंदे पर लटकता देख चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मारुफपुर चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल भी की।
चौकी प्रभारी अमित सिंह के अनुसार, अवधेश पूर्व में भी दो-तीन बार ऐसी हरकत कर चुका था, लेकिन उस समय परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के बीच गृहकलह को घटना की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना के बाद मृतक के पिता रविंद्र निषाद, मां मनोरमा देवी, पत्नी सावित्री सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।


















