12 चक्का ट्रक के गुप्त चैम्बर में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे 13 लाख की शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
चंदौली : स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना कन्दवा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 1354.8 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 2:18 बजे कन्दवा थाना के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कन्दवा की ओर से आ रहे वाहनों की कतार में शामिल ट्रक संख्या यूपी60बीटी9648 के चालक ने पुलिस चेकिंग देखकर अचानक ट्रक को यू-टर्न कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने अपना नाम रिंकू चौहान (38) पुत्र कदम चौहान, निवासी हिनौता, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके डाले में लोहे की चादरों से बनाया गया विशेष गुप्त चैम्बर मिला। इसी चैम्बर में शराब और बीयर की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस ने चैम्बर से ब्लेंडर्स प्राइड की एक पेटी, 8 पीएम की 45 पेटियां, किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर की 16 पेटियां और ब्ल्यू लाइम देशी शराब की 85 पेटियां बरामद कीं। इसके अलावा चालक के पास से एक हजार रुपये नकद और नोकिया का की-पैड मोबाइल फोन भी मिला।
बिहार में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में चालक ने बताया कि बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर वह ट्रक मालिक और शराब दुकान के सेल्समैन के सहयोग से कन्दवा क्षेत्र की दुकानों से शराब खरीदता था। इसके बाद ट्रक के डाले में लोहे की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर में शराब छिपाकर बिहार ले जाता था, जहां उसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। बिक्री से होने वाले लाभ को सभी लोग आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। मामले में थाना कन्दवा में मु0अ0सं0 77/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार वाहन के पंजीकृत चेसिस और इंजन नंबर का भौतिक सत्यापन भी किया गया, जो अभिलेखों से मेल खाया।
कार्रवाई में थाना कन्दवा के थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल सहित पुलिसकर्मियों तथा स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















