कस्तूरबा विद्यालय में खेल मैदान और ओपन जिम की सौगात, डीएम ने दिए विकास के निर्देश
चंदौली : शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र के बयापुर गांव में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
विद्यालय में कक्षा आठ की छात्राओं से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने भोजन, आवास, पढ़ाई सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बातचीत में छात्राओं ने विद्यालय में खेल मैदान नहीं होने की समस्या बताई। जिलाधिकारी ने छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के बगल में स्थित भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए यहां ओपन जिम विकसित करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालय की बाउंड्रीवॉल का निरीक्षण करने के साथ परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के समीप अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का भी जायजा लिया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त भूमि का उपयोग बालिकाओं के हित में ओपन जिम एवं खेलकूद सुविधाओं के विकास के लिए किया जाए। वहीं खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को भूमि की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित करने तथा जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण से कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विकास मित्तल, खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















