‘आम बहार आपके द्वार’ अभियान के तहत सोनबरसा में फलदार पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
चंदौली : वन महोत्सव वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में चहनियां क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनबरसा में ‘आम भंडारा (आम बहार आपके द्वार)’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आनंद सोनकर ने ग्रामीणों को आम के पौधों का वितरण कर फलों के राजा आम के वृक्षों की उपयोगिता एवं पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा और संतुलित बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव ने कहा कि पेड़-पौधे ही हमारे जीवन का आधार हैं। जंगल पृथ्वी के फेफड़े हैं, जो हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं तथा वर्षा, मिट्टी संरक्षण और जैव विविधता के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी जितेंद्र यादव, अभिषेक यादव, फिरोज गांधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश प्रमुखता से दिया गया।


















