मुगलसराय में गोमांस तस्करी का भंडाफोड़, 70 किलो मांस के साथ तीन गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
चंदौली : जनपद में पशु तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 किलो 760 ग्राम संदिग्ध गोमांस तथा गोवध में प्रयुक्त उपकरणों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना मुगलसराय पुलिस क्षेत्र में भ्रमण एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सतपोखरी स्थित एक किराये की दुकान में कुछ लोग गोमांस रखकर उसकी बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में तीन बोरियों एवं एक झोले से कुल 70.760 किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद हुआ। इसके अलावा मांस काटने में प्रयुक्त एक चापड़, तीन चाकू, दो रेती, एक कुल्हाड़ी तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजकुमार यादव ने मौके पर मांस का परीक्षण किया। प्रथम दृष्टया इसे गौमांस बताया गया है। पुलिस ने मांस के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं तथा विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के भभुआ क्षेत्र से गोमांस लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करते थे और इसी से आजीविका चलाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नसीर (55 वर्ष), राजू कुरैशी (23 वर्ष) तथा रहीम (45 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना मुगलसराय क्षेत्र के निवासी हैं।
इस मामले में थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 304/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी दुल्हीपुर उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मेराज अहमद, कांस्टेबल परवेज अहमद तथा रिक्रूट कांस्टेबल आशुतोष पाण्डेय शामिल रहे।


















