चन्दौली में कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुई नीट परीक्षा, एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

69

चन्दौली में कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुई नीट परीक्षा, एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

चन्दौली : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। रविवार को आयोजित परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अलीनगर तथा नगर पालिका इंटर कॉलेज मुगलसराय स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों की सुरक्षा तथा अभ्यर्थियों की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए तथा सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के बाहर एवं आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की समीक्षा भी की गई, ताकि परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा समाप्ति के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच जनपद में नीट परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।