गांधीनगर पौधशाला पहुंचे चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का दिया संदेश

33

गांधीनगर पौधशाला पहुंचे चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का दिया संदेश

चंदौली : नगर पंचायत चकिया के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने रविवार को वन विभाग के अंतर्गत राजपथ रेंज स्थित गांधीनगर पौधशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पौधशाला में तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रजातियों के पौधों का गहन अवलोकन किया और उनकी गुणवत्ता, देखभाल तथा रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने पौधशाला परिसर में साफ-सफाई, सिंचाई व्यवस्था एवं पौधों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पौधशाला में तैयार किए गए विभिन्न प्रजातियों के स्वस्थ एवं विकसित पौधों को देखकर संतोष व्यक्त किया तथा वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधशालाएं हरित क्रांति की आधारशिला हैं, जहां से तैयार पौधे समाज और पर्यावरण को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं खाली पड़ी भूमि पर अधिकाधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें।

चेयरमैन ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग मिलकर वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप दें तो पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत किया जा सकता है।

वन विभाग के अधिकारियों ने पौधशाला में तैयार की जा रही विभिन्न प्रजातियों के पौधों एवं उनके वितरण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान वन विभाग और नगर पंचायत के अधिकारियों के बीच हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चर्चा भी हुई।

इस मौके पर वन रेंजर संजय कुमार, वन दरोगा शशेंद्र वर्मा, वन रक्षक राधे कृष्ण वर्मा, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल तथा सुनील कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पौधशाला परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।