अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्रेन, ट्रक, ट्रैक्टर व कंप्रेसर मशीन सीज

56

अवैध खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में क्रेन, ट्रक, ट्रैक्टर व कंप्रेसर मशीन सीज

चंदौली : चकिया थाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। खुफिया सूचना के आधार पर छुछाड़ पहाड़ी पर देर रात की गई छापेमारी में अवैध खनन में प्रयुक्त एक क्रेन, एक ट्रक, एक ट्रैक्टर तथा एक कंप्रेसर मशीन को जब्त कर सीज कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, छुछाड़ पहाड़ी पर लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रूप से पत्थरों और बोल्डरों का खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार कर अचानक छापेमारी की।

टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई खनन कर्मी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि अधिकारियों ने अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही भारी मशीनों और वाहनों को कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों के अनुसार, मौके से जब्त की गई क्रेन का उपयोग बड़े पत्थरों को उठाने और लोड करने, ट्रक का इस्तेमाल अवैध परिवहन, ट्रैक्टर का उपयोग पहाड़ी रास्तों पर ढुलाई तथा कंप्रेसर मशीन का प्रयोग चट्टानों को तोड़ने के लिए किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं और उनके नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

इस संयुक्त अभियान में चंद्रप्रभा रेंज के रेंजर अखिलेश दुबे, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, चौकी प्रभारी राजदरी-देवदारी एसआई रिषु चौबे, थाना प्रभारी चकिया अर्जुन सिंह, थाना प्रभारी साहबगंज कृपेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी इलिया चंदन राय तथा एसआई खुशबू यादव सहित वन विभाग और पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।