राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, पाँच खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक
चंदौली : उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं क्योंरुगु, 10वीं पूमसे एवं 15वीं फ्रेशर स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा (चंदौली) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाँच कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में चंदौली के रणविजय सिंह गोंड और नौसिया परवीन, गोरखपुर के अविनाश गुप्ता, सुल्तानपुर के अंशु निषाद तथा पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की संबोधिका सरकार ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासित प्रशिक्षण, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को यदि उचित अवसर और संसाधन मिलें तो वे राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय के आवासीय परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के विद्यार्थी शिक्षा के साथ आधुनिक खेल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। शिक्षा के साथ खेलों को समान महत्व देते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ खेलों को दिए जा रहे विशेष महत्व से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और उनका व्यक्तित्व भी निरंतर निखर रहा है।


















