नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए कड़े निर्देश, 21 जून को चार केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकल पर रहेगा जीरो टॉलरेंस

81

नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए कड़े निर्देश, 21 जून को चार केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकल पर रहेगा जीरो टॉलरेंस

चंदौली : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 21 जून को अपराह्न 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण रोक रहेगी। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की गई है, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग भी होगी।

परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी तथा धारा-144 प्रभावी रहेगी। साथ ही परीक्षा अवधि में आसपास संचालित फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

जनपद में इस बार चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक रूट प्लान तैयार किया जाए, जिससे परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अग्निशमन वाहन एवं एंबुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। परीक्षा की गरिमा भंग करने अथवा नकल कराने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।