सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, मजदूर की दर्दनाक मौत, हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

62

सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, मजदूर की दर्दनाक मौत, हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

चंदौली : जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। धराव गांव के पास धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अनियंत्रित बाइक जा घुसी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान धानापुर थाना क्षेत्र के अमरा निवासी 55 वर्षीय नंदू राय पुत्र शिवधारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

नंदू राय अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जो मजदूरी करके घर चलाते थे। उनकी मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें से एक बेटे की शादी इसी महीने हुई थी, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। आशंका जताई जा रही है कि सिर में गंभीर चोटें आने के कारण ही उनकी जान गई।

थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मार्ग के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अनियंत्रित होकर बाइक घुस गई थी, जिससे बाइक सवार को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।