संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघी गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर नौगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धीरज यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार राज्य के कैमूर (भभुआ) जनपद का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ सोनभद्र जिले के पटवत रायपुर क्षेत्र में रहकर जीविकोपार्जन करता था।
जानकारी के मुताबिक धीरज यादव अपने पैर का इलाज कराने के लिए नौगढ़ क्षेत्र स्थित अपने जीजा के घर आया हुआ था और वहीं रह रहा था। इसी दौरान उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में शोक एवं दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















