प्राकृतिक धरोहर बचाने के लिए कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी बोले – जनपदभर में चलेगा अभियान

25

प्राकृतिक धरोहर बचाने के लिए कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी बोले – जनपदभर में चलेगा अभियान

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में ग्रेट निकोबार द्वीप को बचाने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ग्रेट निकोबार द्वीप को औद्योगिक परियोजनाओं के लिए निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे द्वीप की प्राकृतिक संपदा, दुर्लभ वनस्पतियों और आदिवासी समुदायों के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जोड़ते हुए प्राकृतिक धरोहरों को बचाने की अपील की।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ग्रेट निकोबार द्वीप से जुड़े प्रस्तावित विकास कार्यों के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां देश की प्राकृतिक संपदा और सार्वजनिक संसाधनों के हितों के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान अगले एक सप्ताह तक जनपद के सभी ब्लॉकों और गांवों में चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राममूरत गुप्ता, मुनीर खान, गंगा प्रसाद, गुलाब राम, परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, चंद्रवंश यादव, श्रीकांत पाठक, राजू कुमार, प्रेमचंद गुप्ता, रामौतार यादव, अमरदेव राम, मदन लाल, राकेश सिंह, पंकज तिवारी, ज्ञानप्रकाश तिवारी, शमशेर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।