गंगा कटान रोकने की तैयारी तेज, सीडीओ ने डीपीआर तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू करने के दिए निर्देश

44

गंगा कटान रोकने की तैयारी तेज, सीडीओ ने डीपीआर तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू करने के दिए निर्देश

चंदौली : जनपद में आगामी मानसून को देखते हुए गंगा नदी के तटों की सुरक्षा और संभावित कटान से बचाव के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राल्लपल्ली जगत साँई ने मंगलवार को गुरैनी पंप कैनाल का स्थलीय निरीक्षण कर गंगा तट पर हो रहे कटान का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने नदी के किनारे प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया तथा अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि बारिश के दौरान किसानों की भूमि, फसलों और आसपास के गांवों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता, बंधी प्रखंड तथा अधिशासी अभियंता, लघु डाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय किसान मुन्ना सिंह और दीनानाथ श्रीवास्तव ने भी मौके पर गंगा कटान से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और स्थायी समाधान की मांग रखी।

सीडीओ ने अधिशासी अभियंता, बंधी प्रखंड को निर्देशित किया कि गंगा तट के दीर्घकालिक संरक्षण एवं कटान-रोधी उपायों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं स्थायी योजना के माध्यम से भविष्य में नदी कटान से होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों के हितों की रक्षा करना है।

स्थानीय किसानों में जगी उम्मीद

सीडीओ के निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों से क्षेत्रीय किसानों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से गंगा कटान की समस्या का स्थायी समाधान निकल सकेगा। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षात्मक कार्य पूरे हो जाते हैं तो हर साल होने वाले भूमि कटाव और आर्थिक नुकसान से काफी राहत मिलेगी।