पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमला पति त्रिपाठी की मनाई गई 120वीं जयंती, ललितेश पति त्रिपाठी ने दिए बड़े राजनीतिक संकेत, राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज
चंदौली : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी पंडित कमला पति त्रिपाठी की 120वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पंडित जी के पपौत्र एवं पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी पहुंचे। कार्यक्रम में पंडित जी के योगदान, उनके विकास कार्यों और चंदौली से गहरे लगाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
चंदौली को बताया अपना परिवार
समारोह में संबोधन के दौरान ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि पंडित कमला पति त्रिपाठी जी का चंदौली से विशेष नाता रहा है। उन्होंने यहां कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए, जिससे जिले की तस्वीर बदलने में मदद मिली। ललितेश ने भावुक अंदाज में कहा “चंदौली हमारे लिए केवल एक जिला नहीं, बल्कि परिवार की तरह है। हम जहां भी रहेंगे, चंदौली के विकास के बारे में सोचते रहेंगे।”
इंडिया गठबंधन से चुनाव लड़ने के संकेत
पत्रकार वार्ता के दौरान ललितेश पति त्रिपाठी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा “अगर हमें इंडिया गठबंधन की ओर से निर्देश मिलता है, तो हम चंदौली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।” इस बयान के बाद चंदौली की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनकी सक्रियता और हालिया दौरों से साफ है कि वह एक बार फिर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं।
विकास कार्यों पर डाला प्रकाश
ललितेश ने कार्यक्रम के दौरान पंडित कमला पति त्रिपाठी द्वारा चंदौली में कराए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित जी ने न केवल जिले की बुनियादी जरूरतों का ख्याल रखा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी कई क्रांतिकारी पहल कीं।
सैकड़ों लोग हुए शामिल
जयंती समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, देवेंद्र सिंह मुन्ना, मधु राय, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, सूर्यनाथ सिंह, धनंजय सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सतीश बिंद समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम उत्साह, उमंग और पंडित जी की यादों से सराबोर रहा।
राजनीतिक समीकरणों पर निगाहें
इस कार्यक्रम के बाद चंदौली की सियासत में नई हलचल मच गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर इंडिया गठबंधन ललितेश पति त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाता है, तो चंदौली की लड़ाई बेहद दिलचस्प हो सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखा और लोग आगामी चुनाव में मजबूत दावेदारी की उम्मीद जताते नजर आए।









