बाबा कीनाराम का 426वां जन्मोत्सव, तीन दिवसीय भव्य आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संगोष्ठियों से गूंजेगा रामगढ़ मठ
चंदौली : रामगढ़ स्थित ऐतिहासिक बाबा कीनाराम मठ में 22 अगस्त से 24 अगस्त 2025 तक बाबा कीनाराम का 426वां जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन को लेकर मठ परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां जोरों पर हैं। बाबा कीनाराम के प्रति आस्था रखने वाले हजारों श्रद्धालुओं में कार्यक्रम को लेकर गहरा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं इस बार बड़े भोजपुरी कलाकारों के शामिल न होने से कुछ लोगों में हल्की मायूसी भी देखने को मिल रही है।
इस संबंध में बुधवार को मठ परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की। मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने बताया कि इस बार के जन्मोत्सव में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिलेगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ विभिन्न जिलों से आए गायक, वादक, कथक नृत्यांगना और विद्वान अपनी प्रस्तुति देंगे।
पहला दिन – 22 अगस्त 2025
◆ कार्यक्रम का शुभारंभ कांवरियों द्वारा किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर होगा। इसके बाद महिलाओं द्वारा पारंपरिक सोहर गीतों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बनेगा।
◆ सुबह 8 बजे से 11 बजे तक मानस पाठ का आयोजन होगा, जिसे मटुक सिंह, मुन्ना सिंह, मोती तिवारी और सतीश तिवारी द्वारा संपन्न कराया जाएगा।
◆ 11 बजे से शाम 4 बजे तक बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
◆ रात्रि 8 बजे से भोर 3 बजे तक भव्य भोजपुरी सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें अनन्या मिश्रा, अलका सिंह, मनोहर सिंह, वीरेन्द्र भारती, मोनू अलबेला, वीरेंद्र वीर, रविन्द्र, ज्योति और राणा सिंह सहित कई सुप्रसिद्ध कलाकार लोकगीत, भजन और नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
दूसरा दिन – 23 अगस्त 2025
दूसरे दिन आध्यात्मिक संगीत, कथक नृत्य और संगोष्ठियों का भव्य आयोजन होगा।
◆ सुबह 8 बजे से 11 बजे तक रामायण गान व संगीतमय कार्यक्रम का संचालन मंगला पाठक, दीपक यादव, मोहन तिवारी, अविनाश सिंह एवं उनके साथी करेंगे।
◆ 11 बजे से 2 बजे तक हरिशंकर तिवारी, विद्या दुबे, छोटू पाण्डेय और लोकनाथ महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
◆ 2 बजे से शाम 4 बजे तक प्रसिद्ध कलाकार रौनक श्रीवास्तव, मानसी शर्मा और ऋचा पाण्डेय द्वारा कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
◆ सायं 4 बजे से 6 बजे तक विशेष संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसमें प्रो. विनय शंकर शुक्ल (छत्तीसगढ़), प्रो. विकास सिंह (बीएचयू), देव ब्रत चौबे (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), डॉ. सूबेदार सिंह सहित देश के प्रतिष्ठित विद्वान शामिल होकर बाबा कीनाराम की दर्शन, अध्यात्म और लोकसंस्कृति पर प्रकाश डालेंगे।
◆ रात्रि 8 बजे से भोर 3 बजे तक रोमांचक कव्वाली मुकाबला होगा, जिसमें राकेश यादव, पिंकी मिश्रा, दिलखुश भारती और तनबीर इंडियन अपनी सुरीली आवाज़ का जलवा बिखेरेंगे।
तीसरा दिन – 24 अगस्त 2025
◆ अंतिम दिन का कार्यक्रम पूरी तरह भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहेगा।
◆ सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रामायण गान का आयोजन होगा, जिसमें मुन्ना पाण्डेय, महानन्द त्रिपाठी, मधुसूदन मिश्रा और उनके साथी भाग लेंगे।
◆ 11 बजे से शाम 4 बजे तक खण्डवारी देवी इंटर कॉलेज और अन्य विद्यालयों के बच्चे रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
◆ सायं 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित संगोष्ठी में डॉ. गया सिंह, सी.एन. ओझा, आनंद सिंह और मंगेश पाण्डेय अपने विचार रखेंगे।
◆ रात्रि 10 बजे से भोर 4 बजे तक लोककला का शानदार प्रदर्शन होगा, जिसमें जसवंत यादव और आंशिक कुशवाहा की बिरहा प्रस्तुति पूरे आयोजन का समापन करेगी।
समिति के प्रमुख सदस्य भी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में प्रधान मठ व्यवस्थापक अरुण सिंह, धनंजय सिंह, प्रधान आशुतोष सिंह, अभय यादव पीके, प्रदीप सिंह, प्रेमनाथ पाठक, कुलदीप वर्मा और दिनेश सोनकर सहित आयोजन समिति के कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।


















