अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हज़ार का इनामी शातिर अपराधी गिरफ्तार, कब्जे से असलहे व तीन चोरी की बाइक बरामद
चंदौली : जनपद चंदौली की अलीनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हज़ार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से अवैध असलहा व तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के मार्गदर्शन में, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 10 बजे अलीनगर पुलिस टीम कुरहना अंडरपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महादेवपुर रिंग रोड से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही वह जिस हीरो एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार था, वह भी चोरी की निकली।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिव कुमार उर्फ शिवा उर्फ छल्ला यादव (28 वर्ष), पुत्र स्व. विजय यादव, निवासी कैथा उर्फ टड़िया थाना अलीनगर के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें जिनमें टीवीएस अपाचे और टीवीएस लूना (बिना नंबर प्लेट) भी बरामद की।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवा यादव पेशेवर अपराधी है और उस पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गौ-तस्करी, गैंगेस्टर एक्ट, चोरी और लूट से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं। अब तक उसके खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जिनमें सैय्यदराजा, केराकत (जौनपुर), आसपुर देवसर (प्रतापगढ़), मुगलसराय और अलीनगर थानों के केस शामिल हैं। हाल ही में धीना थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी पर पुलिस टीम पर हमला करने का आरोप भी है।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में शिवा ने बताया कि वह अपने साथी सतेन्द्र यादव, निवासी छोटू सराय थाना मुगलसराय के साथ मिलकर वाहनों की चोरी करता है और बाद में इनका इस्तेमाल गौ-तस्करों को लोकेशन देने में करता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि हाल ही में उसने साथियों के साथ मिलकर धीना थाने की पुलिस गाड़ी को टक्कर मारकर पुलिसकर्मियों की जान लेने की कोशिश की थी। पकड़े जाने से बचने के लिए वह बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते दबोच लिया।
पुलिस टीम को सफलता
इस बड़ी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह (चौकी प्रभारी भूपौली), उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव (चौकी प्रभारी आलूमील), उप निरीक्षक अनिल कुमार पासवान, हेड कांस्टेबल दीपक द्विवेदी और कांस्टेबल प्रवेश सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अपराधी पर गैंगेस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है और उसके साथियों की तलाश जारी है।


















