औरवाटांड़ व छानपातर दरी को पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज, डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने किया स्थलीय निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

146

औरवाटांड़ व छानपातर दरी को पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज, डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने किया स्थलीय निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

चंदौली : जनपद के नौगढ़ क्षेत्र स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी को अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार को दोनों स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।

सैलानियों की सुरक्षा और महिलाओं के सुरक्षित माहौल पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटकों की सुरक्षा, विशेषकर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने झरनों के किनारे मजबूत रेलिंग लगाने, बैठने की बेहतर व्यवस्था, स्वच्छ खानपान की सुविधा और अन्य जरूरी संसाधनों को शीघ्र विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क और वॉच टावर की होगी व्यवस्था

डीएम ने कहा कि नौगढ़ क्षेत्र के ये रमणीय स्थल तेजी से सैलानियों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। ऐसे में यहां एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क, वॉच टावर और कैंटीन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

डीएफओ और पर्यटन अधिकारियों से मांगे गए सुझाव

उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग और वन निगम के समन्वय से व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान डीएफओ और पर्यटन अधिकारियों से सुझाव भी मांगे गए, ताकि योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

प्रदेश ही नहीं, देश स्तर पर पहचान बनाने की तैयारी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल्द ही इन स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक यहां आकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकें और क्षेत्र की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो सके।