चहनियां में झांसा देकर वृद्ध महिला के कान के कर्णफूल उड़ाए, एक सप्ताह में दूसरी वारदात

24

चहनियां में झांसा देकर वृद्ध महिला के कान के कर्णफूल उड़ाए, एक सप्ताह में दूसरी वारदात

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बा में झांसा देकर आभूषण उड़ाने वाले उचक्कों का गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार की शाम दो अज्ञात युवकों ने एक वृद्ध महिला को बातों में उलझाकर उसके कान के कर्णफूल गायब कर दिए। पीड़िता ने रविवार को अपने पुत्र के साथ बलुआ थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। उल्लेखनीय है कि इसी तरह की वारदात एक सप्ताह पहले भी कस्बे में हो चुकी है।

हरधन जुड़ा गांव निवासी बादामी देवी शनिवार की शाम फगुइयां स्थित रिश्तेदारी से टेंपो द्वारा चहनियां चौराहे पर उतरी थीं। वह पहले एक फल की दुकान पर आम खरीदने रुकीं, लेकिन दाम अधिक होने के कारण पास की सब्जी की दुकान पर चली गईं। इसी दौरान टेंपो से उनका पीछा कर रहे दो अज्ञात युवक भी वहां पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने एक कागज जमीन पर गिराकर वृद्ध महिला से कहा कि उनका कागज गिर गया है। इसके बाद दोनों ने उन्हें बातों में उलझाते हुए कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में कान के कर्णफूल पहनना सुरक्षित नहीं है और कोई छीन सकता है। उन्होंने महिला पर कर्णफूल निकालकर झोले में रखने का दबाव बनाया। महिला ने उनके झांसे में आकर कर्णफूल निकालकर झोले में रख दिए। इसी दौरान दोनों युवकों ने कागज झोले में रखने का बहाना बनाकर कर्णफूल निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब महिला ने अपना सामान संभाला तो कर्णफूल गायब मिले। काफी तलाश के बावजूद दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका। घर पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। रविवार को अपने पुत्र के साथ बलुआ थाने पहुंचकर अज्ञात उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी।

गौरतलब है कि 26 जुलाई को भी चहनियां कस्बा में इसी तरह की वारदात हुई थी। उचक्कों ने राधिका देवी को झांसा देकर उनका मंगलसूत्र, कर्णफूल और तीन हजार रुपये उड़ा दिए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कस्बे के लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सक्रिय उचक्का गिरोह का जल्द खुलासा कर कार्रवाई की मांग की है।