बिहार ले जाई जा रही 31.365 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

4

बिहार ले जाई जा रही 31.365 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 31.365 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अवैध शराब तस्करी विरोधी अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर शनिवार की शाम लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पांच संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में 18 टेट्रा पैक आफ्टर डार्क अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 एमएल), 33 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 750 एमएल) तथा 9 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 375 एमएल) बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 31.365 लीटर पाई गई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर इकट्ठा करते थे और बिहार में शराबबंदी का लाभ उठाकर ट्रेन के माध्यम से वहां ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इसी उद्देश्य से वे रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे, लेकिन संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नीरज कुमार सिंह (मुंगेर), गुड्डू कुमार (औरंगाबाद), सत्यम कुमार (बेगूसराय), आनंद कुमार (पटना) तथा महेश कुमार (औरंगाबाद) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के निवासी हैं।

इस संबंध में थाना अलीनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 476/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल पासवान, कांस्टेबल राजेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल दीपाली शुक्ला के साथ आरपीएफ के उपनिरीक्षक दीपेंद्र राणावत एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।