बंद कमरे में मिला ऑटो चालक का सड़ा-गला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

204

बंद कमरे में मिला ऑटो चालक का सड़ा-गला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर चौकी के रतनपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान से आ रही तेज दुर्गंध ने ग्रामीणों को चौंका दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। कमरे में युवक का सड़ा-गला शव पड़ा हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय आनंद सेठ, पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद्र सेठ के रूप में हुई है। वह पेशे से ऑटो चालक था और गांव के बाहर दो कमरे के मकान में अकेले रहता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आनंद पिछले दो-तीन दिनों से किसी को दिखाई नहीं दिया था। जब कमरे से तेज दुर्गंध फैलने लगी तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो भीतर आनंद का शव फर्श पर पड़ा मिला। कमरे के अंदर फैली दुर्गंध और शव की हालत को देखते हुए पुलिस का मानना है कि मौत दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी थी। दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि मृतक आनंद का अपनी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण पत्नी पिछले कुछ समय से दो वर्षीय बच्चे को लेकर मुंबई में रह रही थी, जबकि आनंद गांव में अकेला जीवन बिता रहा था।

मौत के रहस्य से उठे कई सवाल

युवक की मौत की असली वजह क्या थी? क्या यह आत्महत्या थी या किसी साजिश का हिस्सा? इन तमाम सवालों के जवाब के लिए अब पुलिस पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उधर, घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और मामले का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।