चकिया जंगल में तड़के चला पुलिस ऑपरेशन, चर्चित मुटुन यादव हत्याकांड का शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
चंदौली : जिले के चकिया थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार तड़के पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की। चर्चित मुटुन यादव हत्याकांड के शूटर और 25 हजार के इनामी बदमाश विशाल पासी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में विशाल पासी के पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया है। वही आरोपी बदमाश विकास पासी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, स्वाट और चकिया पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर जंगल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मुंहतोड़ जवाब देते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
घटना के बाद मौके से एक बाइक, देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। पकड़ा गया बदमाश विशाल पासी कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह चर्चित मुटुन यादव हत्याकांड में भी वांछित था और तभी से फरार चल रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय बदमाशों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विशाल पासी की गिरफ्तारी से मुटुन यादव हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में बड़ी मदद मिलेगी। फरार बदमाश की तलाश के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि “चकिया पुलिस, क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम की यह संयुक्त कार्रवाई जिले में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। फरार बदमाश की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।”
चंदौली पुलिस की यह कार्रवाई न केवल एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है बल्कि इससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनता में भरोसा भी मजबूत हुआ है।


















