संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चंदौली : जनपद के सकलडीहा तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों की एक-एक करके शिकायतें गंभीरता से सुनीं और मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।
तहसील नही बनेगी फरियादियों की ठोकर गाह: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि फरियादियों को समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता व जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो उस अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बीडीओ सकलडीहा को उनके कार्य में सुधार लाने और जवाबदेही के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी सकलडीहा को यह सुनिश्चित करने को कहा कि अगले समाधान दिवस में फरियादियों को बेहतर अनुभव हो और उनकी समस्याओं का निष्पक्ष व शीघ्र निस्तारण हो।
भूमि विवादों पर डीएम ने दी चेतवानी
समाधान दिवस में कुछ फरियादियों द्वारा भूमि विवादों में धनउगाही की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि इस तरह की शिकायतें अत्यंत गंभीर हैं और भविष्य में अगर कोई ऐसी शिकायत मिलती है तो दोषी अधिकारियों के विरुद्ध जांच कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने तहसील व ब्लॉक अधिकारियों को भ्रष्टाचार से दूर रहते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य करने की नसीहत दी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं को शासन की प्राथमिकता मानते हुए गुणवत्ता के साथ निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गरीब, वंचित और पीड़ित वर्ग के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। भूमि विवाद जैसे मामलों में राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए सटीक और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 170 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किए गए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के लिए अग्रेषित कर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, पीडी डीआरडीए, उप जिलाधिकारी सकलडीहा, क्षेत्राधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह संपूर्ण समाधान दिवस न केवल जनसमस्याओं के समाधान का मंच बना बल्कि शासन की पारदर्शी व जनोन्मुखी कार्यशैली को भी प्रदर्शित किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा दिखाया गया सक्रिय नेतृत्व जनसमस्याओं के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का प्रमाण बना।


















