चंदौली में ब्याज माफियाओं पर शिकंजा, एसपी ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
चंदौली : जनपद में अवैध सूदखोरी (ब्याज माफिया) के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना लाइसेंस कर्ज देने और गरीबों का शोषण करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे लोग ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर न सिर्फ आर्थिक शोषण करते हैं, बल्कि मानसिक उत्पीड़न और धमकी देकर पीड़ितों की संपत्ति तक हड़पने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए अब जिले भर में चिन्हीकरण और कार्रवाई तेज की जाएगी।
चिन्हीकरण और निगरानी के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अवैध सूदखोरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर उन लोगों पर नजर रखी जाएगी जो सादे कागज या चेक पर हस्ताक्षर कराकर लोगों को जाल में फंसाते हैं।
नियम विरुद्ध वसूली पर सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश साहूकारी अधिनियम के तहत निर्धारित सीमा से अधिक ब्याज वसूलना अपराध है। बिना पंजीकरण (लाइसेंस) के धन उधार देना पूरी तरह प्रतिबंधित है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
यदि कोई पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचता है, तो उसकी सुनवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। साक्ष्य मिलने पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता अभियान भी तेज
पुलिस गांवों और कस्बों में जनसंवाद के जरिए लोगों को जागरूक करेगी, ताकि वे अवैध सूदखोरों के चंगुल में न फंसें और समय रहते पुलिस को सूचना दें।
जनता से अपील
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति ब्याज के कारण परेशान है या उसे धमकी दी जा रही है, तो वह बिना डर अपने नजदीकी थाने या वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करे। पीड़ित की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कड़ी धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


















