आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में चन्दौली पुलिस प्रदेश में अव्वल

38

आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में चन्दौली पुलिस प्रदेश में अव्वल

चन्दौली : अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रदेश सरकार की शून्य सहनशीलता नीति पर पूरी दृढ़ता से अमल करते हुए चन्दौली पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश सरकार की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का 100 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर चन्दौली पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

माह जनवरी 2026 की जारी रैंकिंग में जनपद चन्दौली को 135 में से पूरे 135 अंक प्राप्त हुए हैं, जो प्रदेश में सर्वाधिक हैं। इतना ही नहीं, जनपद के कुल 16 थानों में से 11 थानों ने भी 100 में से 100 अंक अर्जित कर ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था की गई है। पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल द्वारा शिकायतों को संबंधित थानों तक ऑनलाइन प्रेषित किया जाता है। इसके बाद थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी तय समय सीमा के भीतर जांच कर ऑनलाइन आख्या प्रस्तुत करते हैं।

शिकायतकर्ता पुलिस कार्यवाही से संतुष्ट है या नहीं, इसका फीडबैक भी पुलिस कार्यालय द्वारा लिया जाता है, जिससे जांच और कार्रवाई की गुणवत्ता सुनिश्चित होती है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण और समीक्षा के चलते शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनी है।

जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त सभी संदर्भों का मूल्यांकन माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया जाता है। इस कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया में चन्दौली पुलिस ने शत-प्रतिशत निस्तारण कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। साथ ही, जनपद के 11 थानों का प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहना चन्दौली पुलिस की कार्यकुशलता और जनविश्वास का प्रमाण है।