अलीनगर फायरिंग केस में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता, तीन आरोपी धराए
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले मामूली विवाद के बाद युवक पर गोली चलाने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी रिंग रोड के पास से घेराबंदी कर की गई। आरोपियों के पास से पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं और अब उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
मामूली विवाद बना फायरिंग की वजह
घटना बीते शनिवार की रात की है, जब अलीनगर क्षेत्र की मानस नगर कॉलोनी में राहुल यादव, रोहित मिश्रा, गोलू सिंह और हरिओम वर्मा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। उसी वक्त बाइक से गुजर रहे सुनील यादव ने मामला शांत कराने की कोशिश की। लेकिन नशे में धुत हरिओम वर्मा ने अपना आपा खोते हुए फायरिंग कर दी। गोली सुनील के कंधे को छूते हुए निकल गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
रिंग रोड से तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस हरकत में आ गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी रिंग रोड के पास देखे गए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर तीन अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह, निवासी हाउस नं. 99ए, मुगलचक, थाना अलीनगर, आनंद सिंह उर्फ गोलू पुत्र स्व. श्रीकृष्ण सिंह, निवासी मालीपुर छितौना कैंप, थाना नगरा, बलिया, सौरभ सिंह उर्फ रिशू पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी शास्त्री कॉलोनी, थाना मुगलसराय के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों से पूछताछ जारी है और इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस की तत्परता से लौटी चैन की सांस
अलीनगर क्षेत्र में हुई इस घटना से आमजन में भय का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से अब लोगों ने राहत की सांस ली है। थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक अनन्त कुमार भार्गव, गिरीशचन्द्र राय, रामसिंह, हेड कांस्टेबल लालचन्द्र यादव, राजेन्द्र कुमार जायसवाल, दीपक यादव, शैलेन्द्र यादव शामिल रहे।


















