मासूम की मौत से मचा कोहराम, स्कूल बस ने ली 5 वर्षीय बच्चे की जान, चालक गिरफ्तार
चंदौली : जिले में शनिवार को एक हृदय विदारक हादसा सामने आया। विंध्य वैली स्कूल की बस ने पांच वर्षीय मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में गुस्सा व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूषि गांव निवासी संजय का पांच वर्षीय पुत्र शिवा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान विंध्य वैली स्कूल की बस वहां से गुजरी और मासूम को रौंद दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत भागने की फिराक में था, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर बस को घेर लिया। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पाकर शहाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और बस व चालक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। वे स्कूल प्रशासन और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वही गांव में मासूम शिवा के असमय चले जाने से मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरी शोक की लहर है।


















