हवन-पूजन के साथ कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता, अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली की मासिक बैठक रविवार को राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती के संदेश के साथ सम्पन्न हुई। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में चन्द्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में आयोजित इस बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ व दीर्घायु की कामना को लेकर शिव मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से हवन-पूजन किया। पूरे आयोजन में पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण साफ झलकता रहा।
बैठक में बतौर मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व एआईसीसी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल और असम के चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग से लोकतंत्र की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातीय ध्रुवीकरण कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि चंदौली में कांग्रेस एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है और जनता की आवाज को मजबूती से उठा रही है। उन्होंने घोषणा की कि 6 मई को कांग्रेसजन छह सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें किसानों, महिलाओं, छात्रों की समस्याएं और बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार प्रमुख मुद्दे होंगे।
उन्होंने आगे बताया कि पार्टी इन जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक स्तर पर आंदोलन तेज करेगी, जिसकी शुरुआत 16 मई से चहनिया ब्लॉक से होगी। कार्यक्रम में जिले भर से आए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की मजबूती का संदेश दिया।
इस दौरान प्रमुख रूप से मधु राय, डॉ. मनसा देवी, डॉ. रामधार, जोसफ गंगा प्रसाद, राममूरत गुप्ता, अरविंद पांडेय, शिवतपस्या तिवारी, कुलदीप वर्मा, संतोष तिवारी, राजकिशोर सिंह, राकेश सिंह, राकेश पाठक, योगेंद्र सिंह, चंद्रवंश यादव, बेचन पाठक, रामऔतार यादव, प्रेमचंद गुप्ता, सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।


















