पुलिस मुठभेड़ में शातिर हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम, पैर में लगी गोली

523

पुलिस मुठभेड़ में शातिर हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम, पैर में लगी गोली

चंदौली : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर चोर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

चेकिंग के दौरान मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, बीती रात बलुआ थाना क्षेत्र के राधे की मड़ई, ग्राम सोनहुला के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भूपौली से मथेला की ओर दो संदिग्ध ट्रैक्टर आ रहे हैं, जिनमें चोरी की आशंका है। सूचना पर पुलिस टीम सतर्क हो गई और मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया।

बदमाश के पैर में लगी गोली

बताया जाता है कि आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

शातिर हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मृत्युंजय कुशवाहा (32 वर्ष) निवासी तरांव, थाना रामपुर मझवां, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 02 ट्रैक्टर, 01 ट्रॉली, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।

कई जिलों में दर्ज है मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के खिलाफ गाजीपुर, वाराणसी और आसपास के जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

एसपी ने की सराहना

पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनंत भार्गव, अमित सिंह, जमीलुद्दीन खान, जितेंद्र बहादुर सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।