दुकान में घुसकर व्यापारी की पिटाई, तोड़फोड़ के बाद जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बा में रविवार की देर दोपहर दबंगों ने एक बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी पर हमला कर सनसनी फैला दी। हमलावरों ने दुकान में घुसकर व्यापारी को लाठी-डंडों से जमकर पीटा, सामानों में तोड़फोड़ की और जरूरी कागजात फाड़ दिए। जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
लाठी-डंडे से पीटकर किया गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार लक्ष्मणगढ़ निवासी संजय सिंह चहनियां कस्बा स्थित अपने मकान में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि रविवार की दोपहर कुछ मनबढ़ युवक अचानक उनकी दुकान में घुस आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके आंख में गंभीर चोट आई है, वहीं हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमलावरों ने दुकान में रखे सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और महत्वपूर्ण कागजात फाड़ डाले। पीड़ित के अनुसार जाते समय आरोपियों ने असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
जमीन विवाद को लेकर हुआ विवाद
भुक्तभोगी संजय सिंह ने बलुआ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि निदिलपुर निवासी अभिषेक सिंह उर्फ पिंटू और शिव प्रताप सिंह उर्फ सन्नी ने जमीन विवाद को लेकर हमला किया। दोनों आरोपित बार-बार कट्टा दिखाकर उन्हें धमका रहे थे, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















