किसान दिवस में गूंजी किसानों की आवाज, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

41

किसान दिवस में गूंजी किसानों की आवाज, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत में उप निदेशक कृषि भीमसेन ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ लागू किया जाए।

किसानों ने जंगली जानवरों और नीलगायों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग द्वारा अभियान चलाकर ऐसे जानवरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) अनिवार्य रूप से बनवा लें। उन्होंने बताया कि लेखपालों के माध्यम से क्रय केंद्रों पर ही यह प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। साथ ही उन्होंने किसानों से गेहूं क्रय केंद्रों पर अपनी उपज बेचने की अपील की और अधिकारियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तकनीक और सरकारी अनुदान का समन्वय बेहद जरूरी है। प्रगतिशील किसानों से उन्होंने अन्य किसानों को प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि जिले में कृषि के क्षेत्र में नवाचार और आय वृद्धि को बढ़ावा मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण सात कार्य दिवसों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि कृषि ऋण प्राप्त करने में किसानों को किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि किसान राष्ट्र की रीढ़ हैं और प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप निदेशक कृषि, अधिशासी अभियंता (विद्युत एवं नलकूप), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित जनपद के प्रगतिशील किसान और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।