अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में लापरवाही और सूचना छिपाने पर गिरी गाज,  2 निलंबित, 6 पर जांच, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

210

अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में लापरवाही और सूचना छिपाने पर गिरी गाज,  2 निलंबित, 6 पर जांच, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

चंदौली : जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालिया समीक्षा के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि छह अन्य के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। एसपी द्वारा की गई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और उदासीनता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

अवैध जुआ और तस्करी पर कार्रवाई न करने पर निलंबन

थाना मुगलसराय क्षेत्र के दुल्हीपुर चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में अवैध जुआ और तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अपराध नियंत्रण में ढिलाई पर गिरी गाज

इसी क्रम में थाना सैयदराजा के उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी को भी निलंबित किया गया है। जांच में पाया गया कि उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई नहीं की, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में लापरवाही बरती और उच्चाधिकारियों को समय पर सूचनाएं नहीं दीं। साथ ही विवेचनाओं में भी गंभीर उदासीनता सामने आई।

हाईवे पेट्रोलिंग में लापरवाही, 6 पर जांच

गो-तस्करी से जुड़े मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान भी बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद पेट्रोलिंग में लगे कर्मियों ने समय से सूचना नहीं दी। इस मामले में टीएसआई उमाशंकर यादव, टीएसआई मनोज कुमार सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

एसपी का सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट कहा, “जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन का साफ संकेत

इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। एसपी के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि अब लापरवाही करने वाले कर्मियों के लिए कोई जगह नहीं है।