होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 चक्का ट्रक से 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

33

होली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 चक्का ट्रक से 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

चंदौली : होली पर्व से पहले अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक 12 चक्का ट्रक से 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे व अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) ने राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र मौर्य के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम सक्रिय थी।

प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह व स्वाट/सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रक संख्या RJ11GB4050 में मध्य प्रदेश से अवैध अंग्रेजी शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है और ऊपर से सड़ी-गली प्याज की बोरियां रखकर खेप को छिपाया गया है।

सूचना पर पुलिस ने मझवार रेलवे स्टेशन के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी में प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुबारक खान (27) पुत्र अजीज और चुन्ना (29) पुत्र मजीद, निवासी सिलावटी थाना धौज, जिला कादिराबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि शराब की खेप ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से लादकर होली के मौके पर बिहार के पटना में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक तरुण कुमार, रवींद्र सिंह, कन्हैया लाल मौर्य, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत कुल 14 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

होली से पहले इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होना पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।