संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती में पहुंचे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, शंकराचार्य प्रकरण पर सपा सांसद का बड़ा बयान
चंदौली : संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित एक निजी लॉन में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मंच से संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और धर्माचार्यों के सम्मान का मुद्दा उठाया।
सनातन के नाम पर सत्ता और शंकराचार्य पर कार्रवाई? वीरेंद्र सिंह ने उठाए सवाल
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस सनातन के नारे पर भाजपा की सरकार बनी है, यदि उसी सनातन के आचार्य आदि शंकराचार्य को प्रताड़ित करने का प्रयास किया जाएगा तो इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और धर्म दो अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं और सरकार का दायित्व है कि वह अपने धर्माचार्यों का सम्मान करे, न कि उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की संवेदना शंकराचार्य जी के साथ है और पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं शंकराचार्य जी से मिलने जा रहे हैं, उनके दर्द को समझेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष जो भी निर्णय लेंगे, उसका पालन किया जाएगा।
सीएम आवास को गंगाजल से धुलाने पर सियासत तेज, सपा सांसद बोले- पीडीए का अपमान क्यों?
मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धुलवाए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि समाज में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग को अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि वोट पीडीए से चाहिए और अपमान भी उसी समाज का किया जाएगा, यह कैसे संभव है।
वटुकों की शिखा प्रकरण पर गरमाई राजनीति, बोले वीरेंद्र सिंह- यह क्षम्य नहीं
भाजपा से ब्राह्मण समाज की नाराजगी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है। जिन कर्मचारियों ने वटुकों की शिखा खींचकर उन्हें अपमानित किया, वह कृत्य क्षम्य नहीं है। शिखा का सम्मान वही कर सकता है जो उसकी गरिमा को समझता हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए, बल्कि सामाजिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
डिप्टी सीएम पर वीरेंद्र सिंह का तंज
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा वटुकों के सम्मान किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समाज को “लॉलीपॉप” देने जैसा प्रयास है। समाज को पहले अपमानित करना और बाद में सम्मान दिखाना दोहरे मापदंड को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज जागरूक और बुद्धिमान है, वह समझता है कि किन परिस्थितियों और दबावों में फैसले लिए जा रहे हैं।
चंदौली से सपा सांसद का सियासी इशारा
सांसद ने अंत में कहा कि यह लड़ाई दिल्ली बनाम लखनऊ की बनती जा रही है और आगे यह मामला किस दिशा में जाएगा, यह समय तय करेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









