सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 गोवंश बरामद, 8 गौतस्कर गिरफ्तार

39

सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 गोवंश बरामद, 8 गौतस्कर गिरफ्तार

चन्दौली : थाना सैयदराजा पुलिस ने गौतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वध हेतु ले जाए जा रहे 16 गोवंशों (15 गाय व 01 बछड़ा) को सकुशल बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने 01 डीसीएम और 03 मैजिक वाहनों से गोवंशों को ले जा रहे 07 शातिर गौतस्करों तथा 01 पासर सहित कुल 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ वाहन एनएच-02 हाइवे के रास्ते अवैध रूप से गोवंशों को वध हेतु ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना सैयदराजा पुलिस टीम ने 23 जनवरी 2026 को एनएच-02 हाइवे पर चेकिंग अभियान चलाया और दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई ग्राम बरठी कमरौर के पास की गई, जहां 03 मैजिक वाहनों (संख्या UP 65 PT 7194, UP 65 LT 5033, UP 50 DT 6230) से 06 गोवंश बरामद किए गए और मौके से 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना सैयदराजा पर मु.अ.सं. 21/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई।

दूसरी कार्रवाई ग्राम जेठमलपुर स्थित सम्राट होटल तिराहा, एनएच-02 हाइवे के उत्तरी लेन के पास की गई, जहां एक डीसीएम वाहन (संख्या HR 57 B 0435) से 10 गोवंश (09 गाय व 01 बछड़ा) बरामद किए गए और 03 शातिर गौतस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में थाना सैयदराजा पर मु.अ.सं. 22/2026 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि अजय पुत्र भूरे द्वारा आगे-आगे चलकर वाहनों को पुलिस से बचाने के लिए पास कराया जा रहा था, ताकि गोवंशों को सुरक्षित रूप से ले जाया जा सके।

गिरफ्तार अभियुक्तों की हुई पहचान

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में गंगाराम, अजय (गरीब का पुत्र), आशीष, अजय (भूरे का पुत्र, पासर), विपुल, सुल्तान राम, लिल्लू राम तथा रवि रंजन शामिल हैं, जो वाराणसी, आजमगढ़, राजस्थान और बिहार जनपदों के निवासी बताए जा रहे हैं।

बरामदगी का विवरण

पुलिस ने मौके से 16 गोवंश, 03 मैजिक वाहन, 01 डीसीएम वाहन, 09 स्क्रीन टच मोबाइल, 01 की-बोर्ड मोबाइल तथा 4000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उप निरीक्षक लालधर यादव, उप निरीक्षक अवधेश नारायण सरोज, हेड कांस्टेबल मो. नसीरुद्दीन हुमायूं, कांस्टेबल शंकर प्रसाद, विष्णु दत्त प्रजापति एवं राजू सिंह की अहम भूमिका रही।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गौतस्करी जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।