नववर्ष और पौष पूर्णिमा पर ट्रैफिक अलर्ट! 31 दिसंबर से 5 जनवरी तक लागू
चंदौली : वर्ष 2025 के समापन, नववर्ष 2026 के स्वागत तथा 3 जनवरी 2026 को पड़ने वाली पौष पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी स्थित नमो घाट पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था और जाम से बचाव के उद्देश्य से जनपद चंदौली में 31 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक विशेष ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था आवश्यकता अनुसार लागू रहेगी, ताकि वाराणसी जाने वाले मार्गों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो।
चकिया तिराहा डायवर्जन
अलीनगर चंदौली की ओर से वाराणसी जाने वाले समस्त वाहन, जो चकिया तिराहा, कस्बा मुगलसराय एवं पड़ाव होते हुए राजघाट जाना चाहते हैं, उन्हें गंजी प्रसाद चौराहा (चकिया तिराहा) से गोधना चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा। ये वाहन एनएच-19 अथवा रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
शाहूपुरी तिराहा डायवर्जन
रामनगर की ओर से पड़ाव आने वाले वाहन, जो दुलहीपुर एवं मुगलसराय की दिशा में जाना चाहते हैं, उन्हें साहूपुरी तिराहे से व्यास नगर होते हुए एफसीआई तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
एफसीआई गोदाम तिराहा डायवर्जन
कस्बा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की ओर से पड़ाव जाने वाले समस्त वाहन एफसीआई तिराहे से व्यास नगर होते हुए साहूपुरी तिराहा रोड के रास्ते पीएसी तिराहा होकर रामनगर की दिशा में जाएंगे।
पड़ाव डायवर्जन
पड़ाव चौराहे से वाराणसी के राजघाट की ओर जाने वाले वाहनों को बहादुरपुर होते हुए रिंग रोड अथवा रामनगर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दी गई है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा से पूर्व डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। नियमों का पालन कर श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित कर सकते हैं।


















