थाना सकलडीहा पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का मामला सुलझाया, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

213

थाना सकलडीहा पुलिस ने 24 घंटे में हत्या का मामला सुलझाया, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : थाना सकलडीहा पुलिस ने तेजी और तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर व्यवसायी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की व्यापक चर्चा है।

पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पूरे प्रकरण की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने की। थाना प्रभारी सकलडीहा दिलीप कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा।

घटना के अनुसार, 05 दिसंबर की सुबह लगभग 5 बजे, नोनार तुलसी आश्रम निवासी व्यवसायी ओमप्रकाश सिंह रोज की तरह अमड़ा मार्ग पर टहलने निकले थे। उसी दौरान आरोपी बृजेश यादव ने उन पर अचानक लाठी से हमला कर दिया। सिर पर कई प्रहार से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में थाना सकलडीहा पर मुकदमा संख्या 244/2025, धारा 103(1) BNS दर्ज किया गया था।

पुलिस ने घटना के बाद सक्रियता बढ़ाई और खोजबीन के दौरान आरोपी को सकलडीहा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त लाठी की बरामदगी कराई।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में मु0अ0सं0 170/2020, धारा 147, 323, 427, 452, 504 भादवि व एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में भी मामला दर्ज रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव,वरिष्ठ उप निरीक्षक वरुणेन्द्र कुमार राय, उप निरीक्षक लक्ष्मीकान्त मिश्र, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार यादव, कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़ शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की तेजी को लेकर संतोष देखा जा रहा है।