मासूम से दरिंदगी पर फूटा कांग्रेस का ग़ुस्सा, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता के परिवार से की मुलाकात
चंदौली : जिले में छह साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हादसा उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान है और भाजपा सरकार के “सुशासन के दावों की पोल खोलता है।”
योगी सरकार पर बरसे अजय राय, बोले – “कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल”
अजय राय ने कहा, “यह घटना भाजपा सरकार के माथे पर कलंक है। मुख्यमंत्री बिहार चुनाव में व्यस्त हैं, जबकि यूपी में मासूम बेटियों की अस्मिता सुरक्षित नहीं है। राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि इंडिया गठबंधन पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है, और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वही प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को सड़कों से सदन तक लड़ेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उठाई मुआवजे और नौकरी की मांग
मौके पर मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार को तत्काल प्रभाव से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी तन-मन-धन से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। जनपद में कहीं भी दलित, शोषित या वंचित वर्ग के साथ अत्याचार या अन्याय होगा, कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने में पीछे नहीं हटेगी।”
परिवार ने जताई न्याय की उम्मीद
कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद पीड़िता के पिता ने कहा कि उन्हें अब न्याय की उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे भय और असहाय महसूस कर रहे थे, लेकिन नेताओं के आने से उनका हौसला बढ़ा है।
कांग्रेस नेताओं का जत्था रहा मौजूद
इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। जिनमें देवेंद्र सिंह मुन्ना, ओमप्रकाश ओझा, बृजेश गुप्ता, तरुण पाण्डेय, आनंद शुक्ला, हीरा लाल शर्मा, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. सुल्तान, सतीश बिंद, जी.के. पाण्डेय, शाहिद, तौसीफ, भवानी शरण सिंह, नवीन पाण्डेय, नेहाल अख्तर, बाबू राजकिशोर सिंह, राकेश पाठक, डॉ. माधवेंद्र मूर्ति ओझा, हम्मीर शाह, आले अब्बास, कन्हैया मोदनवाल, संजय जायसवाल, अभिषेक, निखिल सिंह, रियाजउद्दीन, किरण श्रीवास्तव, संतोष चौबे, इकबाल प्रकाश शर्मा अहमद सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल रहे।
जनता से की अपील
कार्यक्रम के अंत में अजय राय ने कहा कि जनता को अन्याय और अत्याचार के खिलाफ एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा, “यह लड़ाई सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है।”


















