मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण

197

मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण

चंदौली : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनपद के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई जगहों पर सड़कों, कॉलोनियों और गलियों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अलीनगर क्षेत्र के अमोगपुर, आसपास के गांवों तथा बबुरी क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रभावित कॉलोनियों और गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि “जनता को किसी भी स्थिति में असुविधा न हो, यह हमारी पहली प्राथमिकता है।”

उन्होंने संबंधित तहसील प्रशासन, नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारियों को आदेश दिया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव है, वहां तत्काल पंपिंग सेट लगाकर पानी की निकासी कराई जाए। साथ ही नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना। लोगों ने बिजली कटौती, जलभराव से आवाजाही में दिक्कत और नालियों के जाम होने की समस्याएं सामने रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी हिदायत दी कि बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न होने पाए और जहां-जहां खंभों या तारों से खतरा है, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए। वहीं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और प्रमुख मार्गों पर फंसे पानी की शीघ्र निकासी करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, पीडीडीयू नगर, क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी नागरिक को समस्या न हो, इसके लिए त्वरित कार्यवाही जारी है।