गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन की नई जिला समिति गठित, सत्यनारायण प्रसाद निर्विरोध जिलाध्यक्ष एवं शिव कुमार बने महामंत्री

78

गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन की नई जिला समिति गठित, सत्यनारायण प्रसाद निर्विरोध जिलाध्यक्ष एवं शिव कुमार बने महामंत्री

चंदौली : सकलडीहा तहसील सभागार में रविवार को गोंड वेलफेयर इंप्लाइज एसोसिएशन की नवगठित जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया। यह आयोजन प्रदेश इकाई के दिशा-निर्देश एवं चुनाव अधिकारी विनय कुमार की देखरेख में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गोंडी रीति-रिवाज के अनुसार आदिवासी संस्कृति एवं गोगो पूजा के मंत्रोच्चार से किया गया। इस दौरान वरिष्ठ भूमक विजय सिंह धुरिया, इंजीनियर छबीले गोड़ तथा वैद्य हीरामन गोड़ ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत कराई। पूरे प्रांगण में आदिवासी संस्कृति की झलक देखते ही बन रही थी।

संगठन पर चर्चा, पुनर्गठन का निर्णय

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा संगठन के भंग किए जाने और इससे उत्पन्न समस्याओं पर गहन चर्चा हुई। विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया। इसी क्रम में जिला संगठन के पुनर्गठन पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

निर्विरोध जिलाध्यक्ष बने सत्यनारायण प्रसाद

सर्वसम्मति से सत्यनारायण प्रसाद गोड़ को जिलाध्यक्ष और शिव कुमार गोड़ को जिला महामंत्री के पद पर निर्विरोध मनोनीत किया गया। नवगठित पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए शपथ भी दिलाई गई।

वक्ताओं ने रखे विचार

राष्ट्रीय अध्यक्ष तिरुमल रामजी नेताम ने कहा कि आदिवासी समाज आज भी मुख्यधारा से काफी दूर है। संगठित होकर अधिकारों की लड़ाई और सामाजिक-आर्थिक उत्थान ही समय की मांग है। वही वरिष्ठ भूमक विजय सिंह धुरिया ने शासन द्वारा चलाई जा रही अनुसूचित जनजाति कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

प्रदेश उपाध्यक्ष रामजनम गोड़ ने कहा कि गोंड आदिवासी समुदाय अपने लड़ाकू स्वभाव और बलिदान के लिए इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। डॉ. सत्येंद्र गोड़ ने शिक्षा को आदिवासी समाज के उत्थान का सबसे सशक्त साधन बताया और कहा कि कला, संस्कृति व कार्यशैली के लिए यह समुदाय विश्वभर में जाना जाता है।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का संकल्प

नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद गोड़ ने कहा कि संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए वे पूरी ईमानदारी व तत्परता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति समुदाय आज भी विकास की दौड़ में पीछे है, ऐसे में संगठित होकर मुख्यधारा से जुड़ना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना संगठन का मुख्य उद्देश्य होगा।

सम्मान और शुभकामनाएं

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जिलाध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद गोड़ और महामंत्री शिवकुमार गोड़ को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे, जिनमें लाल बिहारी गोड़, शिब्बू लाल गोड़, अश्वनी कुमार गोड़, हीरालाल गोड़, राजकुमार गोड़, कमलेश गोड़ सहित अनेक समाजसेवी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

बधाई देने वालों में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अविनाश विश्वकर्मा, पुष्कर रस्तोगी, संजय प्रताप सिंह, डॉ. उदय कुमार राय, अनिल कुमार सेठ सहित कई बुद्धिजीवी व पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजी नेताम ने की जबकि संचालन विनय कुमार ने किया।