गंगा तट पर मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

81

गंगा तट पर मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के डेरवा गांव के पास गंगा किनारे मंगलवार की सुबह गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराया मिला। सुबह टहलने गए ग्रामीणों ने शव को देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बलुआ थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। वह पीले रंग की साड़ी पहने हुई थी। शव उतराने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के सभी थानों को फोटो और संबंधित डिटेल भेज दी गई है। महिला के शरीर पर कही किसी चोट के निशान नही है। पुलिस महिला के परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि यह मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी आपराधिक घटना से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

गांव के लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को महिला की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

इस तरह गंगा किनारे मिला यह अज्ञात महिला का शव कई सवाल खड़े कर रहा है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।