सिंचाई और बिजली संकट पर गरजे पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’, बोले – खून के आंसू रो रहे हैं चंदौली के किसान

38

सिंचाई और बिजली संकट पर गरजे पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’, बोले – खून के आंसू रो रहे हैं चंदौली के किसान

चंदौली : जिले में किसानों की बदहाल स्थिति को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने प्रेस वार्ता कर सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंदौली में सिंचाई और बिजली की भयावह किल्लत के चलते किसानों की फसलें सूख रही हैं और वे खून के आंसू रोने को मजबूर हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनपद की अधिकतर नहरें और माइनर लंबे समय से सफाई के अभाव में जाम पड़ी हैं। सिंचाई विभाग की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता के कारण समय रहते नहरों की मरम्मत व संचालन की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी फाइलों में भले ही सब कुछ दुरुस्त दिखाया जा रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है।

पंप कैनालों के स्टार्टर खराब, बिजली आपूर्ति बदहाल

मनोज सिंह डब्लू ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली की हालत इतनी खराब है कि किसानों के पंप कैनाल चल नहीं पा रहे। अधिकांश पंप कैनालों के स्टार्टर खराब पड़े हैं और लाइनें आए दिन ट्रिप कर जाती हैं, जिससे ट्यूबवेल और मोटरें बंद पड़ी हैं। विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण कर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं, जबकि असल समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

सत्तारूढ़ दल के प्रतिनिधि मौन, किसान बेहाल

पूर्व विधायक ने सत्तापक्ष के विधायकों और जनप्रतिनिधियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चंदौली के जनप्रतिनिधि पूरी तरह निष्क्रिय हैं, जिनकी चुप्पी ने किसानों की पीड़ा को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष ही आंख मूंद ले तो प्रशासन भी लापरवाह हो जाता है, और यही स्थिति आज जिले में साफ तौर पर देखी जा सकती है।

प्रशासन और सरकार करें त्वरित कार्रवाई

मनोज सिंह डब्लू ने मांग की है कि जिले की नहरों और पंप कैनालों की तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें चालू स्थिति में लाया जाए ताकि किसान धान की बुआई और रोपाई का कार्य समय पर पूरा कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द स्थिति नहीं सुधरी, तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और समाजवादी पार्टी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

विपक्ष और किसानों से एकजुट होने की अपील

पूर्व विधायक ने अंत में विपक्षी दलों और किसानों से आह्वान किया कि वे इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज़ उठाएं ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके और किसानों को उनका हक मिल सके। उन्होंने कहा, “किसान अगर आज भी चुप रहे, तो कल खेत खाली और खलिहान सूने हो जाएंगे।”

यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब चंदौली के कई हिस्सों से पानी की कमी, सिंचाई संकट और बिजली की अनियमित आपूर्ति की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन और सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कितना गंभीर रुख अपनाते हैं।