हिस्ट्रीशीटर बीरबल और वारंटी विनोद चढ़े पुलिस के हत्थे, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

254

हिस्ट्रीशीटर बीरबल और वारंटी विनोद चढ़े पुलिस के हत्थे, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चंदौली : जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बलुआ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनता में भरोसा मजबूत किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक लंबे समय से फरार वारंटी और दूसरा बलुआ थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शामिल है। इस अभियान की अगुवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के स्पष्ट निर्देश पर की गई। उनके मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज के पर्यवेक्षण में बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने रणनीति बनाकर अलग-अलग टीमों को कार्रवाई के लिए रवाना किया।

बलुआ पुलिस की दबिश में महगांव का वांछित वारंटी गिरफ्तार

पुलिस की पहली टीम में शामिल एसआई राजेश सिंह और कांस्टेबल शिशिर कुमार ने गुरुवार को महगाँव निवासी 50 वर्षीय वारंटी विनोद यादव उर्फ विजयी यादव, पुत्र बनारसी यादव को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ पूर्व में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

हिस्ट्रीशीटर बीरबल यादव तिरगांवा बैरियर से गिरफ्तार

वहीं दूसरी ओर, मोहरगंज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अमित मिश्रा और एसआई विनोद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तीरगाँवा बैरियर के पास से 45 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर बीरबल यादव, पुत्र मनबोध यादव (निवासी दरियापुर) को गिरफ्तार किया। बीरबल यादव बलुआ थाने का पुराना वांछित अपराधी है और उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वह लगातार पुलिस की नजर से बचता रहा, लेकिन सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते वह गिरफ्त में आ गया।

थानेदार ने दी जानकारी

बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की नजर में थे और इनकी गिरफ्तारी जरूरी थी। उन्होंने बताया कि बीरबल यादव एक सक्रिय अपराधी है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, और वह थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर भी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई से एक ओर जहां स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने यह भी साफ संदेश दे दिया है कि जिले में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।