चंदौली में जिम संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां

284

चंदौली में जिम संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां

चंदौली : जिले में कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धरना गांव में सोमवार देर रात अपराधियों ने जिम संचालक अरविंद यादव उर्फ बिंदु (45) की सरेशाम ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। खास बात यह है कि घटनास्थल से पुलिस को .315 बोर के साथ-साथ प्रतिबंधित बोर के खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जो मामले को और गंभीर बनाते हैं।

जिम में काम करा रहे थे अरविंद, तभी पहुंच गए हमलावर

मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत धरना गांव निवासी अरविंद यादव गांव में ही जिम संचालित करते थे और प्लॉटिंग के कारोबार से भी जुड़े थे। इसके अलावा पीडीडीयू नगर के परमार कटरा में उनकी कपड़ों की दुकान भी थी। सोमवार रात लगभग 11:30 बजे वे गांव में स्थित अपने जिम में कुछ काम करा रहे थे, तभी चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ बदमाश वहां पहुंचे।

बदमाशों ने अरविंद को नीचे बुलाया। अनजान खतरे से बेपरवाह अरविंद जैसे ही नीचे आए, हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। बीच में हाथापाई भी हुई, लेकिन बदमाशों ने फौरन फायरिंग शुरू कर दी। सिर, गर्दन और पीठ में गोलियां लगने से अरविंद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

थार गाड़ी पर भी पथराव और फायरिंग, बदमाश फरार

हत्या को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते अरविंद की थार गाड़ी पर भी फायरिंग और पथराव कर इलाके में दहशत फैला दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजन तत्काल अरविंद को लेकर ट्रॉमा सेंटर भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने मौके पर संभाली कमान

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सीओ कृष्णमुरारी शर्मा, अलीनगर और मुगलसराय कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।